Ravi ki duniya

Ravi ki duniya

Saturday, September 6, 2025

व्यंग्य: अंतरिक्ष यात्री का रोमांस

 


                                                               


 

   खबर है कि एक 80 वर्षीय महिला जो एकाकीपन  का शिकार थी। उसे एक व्यक्ति ने यह कह कर मित्रता बढ़ाई कि वह अन्तरिक्ष यात्री है, इधर पृथ्वी से गुजर रहा था तो उसे ख्याल आया। फिर उसने 'बाॅबी' और 'मैंने प्यार किया' स्टाइल में कहा "क्या तुम मुझसे दोस्ती करोगी ?" भद्र महिला का एक्साइटमेंट में लोट-पोट हो जाना स्वाभाविक था। कहाँ तो पृथ्वी के ये नालायक मरद उसे कोई भाव नहीं दे रहे थे। कहाँ अब उस के पास प्रणय निवेदन अन्तरिक्ष से आ रहे हैं। वह अपने को मिस यूनिवर्स समझ रही थी। यूं तो वह जवां दिल थी ही, रही बची कसर इस ‘अन्तरिक्ष यात्री’ के प्रस्ताव ने पूरी कर दी। संभ्रांत महिला तो यूं समझो बिना यान के ही सातवें आसमान पर जा पहुंची। हाय ! ये निकम्मे धरतीवालों को तो कोई सौंदर्य बोध ही नहीं। अब देखो उस के लिए मित्रता का हाथ कहाँ कहाँ से आ रहा है।

 

दोनों में खूब बातें होतीं। बड़े सुहाने दिन कट रहे थे। वह अन्तरिक्ष यात्री अपनी नयी 'गर्ल फ्रेंड' को अन्तरिक्ष की बातें सुनाता। वह टीनेज लड़कियों की तरह खिलखिलाती। ज़िंदगी यकायक बड़ी हसीन हो चली थी। वह उसे ‘चाँद के पार’ ले जाने की बात करता। 80 वर्षीय के दिल मे  फिर से तितलियाँ फिरने लगतीं। उन दोनों के दिन खूब अच्छे से गुजर रहे थे। वो कहते हैं ना कब सुबह हुई, कब शाम, कहाँ होश था। वह अंतरिक्ष यात्री अपनी ‘गर्ल फ्रेंड’ को खूब सपने दिखाता। उसे अन्य ग्रहों की सैर का वादा करता। बताता कैसे वहाँ शॉपिंग के मज़े हैं। कैसे वहाँ 'सेल' लगती है। कैसे खाने-पीने का आराम है। कैसे वहाँ थकान होती ही नहीं। कैसे वहाँ लोग हमेशा जवान रहते हैं आदि आदि। हमारी 80 साला पृथ्वीवासिनी का दिल हिलोरें लेने लगता।

 

फिर एक दिन उसने कहा कि उसके यान में ऑक्सिज़न की कमी हो गयी है। उसे ऑक्सिजन भरवानी है। महिला को पता था यहाँ भी तो कितनी बार आपकी बाइक का या कार का पेट्रोल अचानक खत्म हो जाता है। उसने बताया कि उसे ऑक्सिजन 'रीफिल' कराने को 10 लाख येन की सख्त और अरजेंट ज़रूरत है। नयी बनी गर्ल फ्रेंड ने तुरत-फुरत ट्रांसफर कर दिये। उसने भी सोचा होगा कि आखिर पैसा क्या है ? हाथ का मैल। वह एक अलग ही धरातल पर थी। बल्कि कहिए धरातल था ही नहीं वह तो बादलों पर तैर रही थी। ये 10 लाख येन क्या होता है। किन्तु परंतु यह क्या ? पैसा ट्रांसफर करने के बाद उस अन्तरिक्ष यात्री का फोन ही नहीं लग रहा है। हमारे फिल्मी गानों में सच ही कहा गया है

 

                         परदेसियों से ना अँखियाँ मिलाना

                         परदेसियों को तो एक दिन है जाना

 

 

नोट: इस विरहिणी की तरह मुझे भी यकीन है कि उसके सपनों का राजकुमार एक दिन ज़रूर आयेगा और बताएगा कि कैसे वह मंगल ग्रह अपनी शादी की अचकन सिलाने चला गया था और फिर शुक्र ग्रह से सौभाग्यकांक्षी के लिए शादी की शॉपिंग और रंग-बिरंग किमोनो, वैडिंग गाउन खरीदने रुका और बस अब वापिस आ गया है। 10 लाख येन प्लीज़ और ट्रांसफर कर दो तो बैंक्वैट हाॅल /केटरर बुक कर दूं। उसके ग्रह की करेंसी पृथ्वी पर चलती नहीं। अगली ने कर भी देने हैं।

No comments:

Post a Comment