Ravi ki duniya

Ravi ki duniya

Wednesday, August 27, 2025

व्यंग्य : पुल टूटा नहीं बैठ गया है


 

                पीछे किसी नेता जी की एक क्लिप देखने में आई जिसमें वे कह रहे थे लोग व्यर्थ में शोर मचा रहे हैं और ग़लत शोर मचा रहे हैं कि पुल टूट गया! पुल टूट गया !  पुल टूटा ही नहीं है बल्कि बैठ गया है। अब पुल क्यों बैठ गया है इसके कारणों का पता लगाना चाहिए कि ऐसा क्यूँ हो रहा है ? लोग बालू का अवैध खनन कर रहे हैं। अतः ज़मीन पोली हो गयी है। फिर पुल ने बैठना ही था। आखिर कोई भी पुल कब तक खड़ा रहेगा। थक नहीं जाएगा। बेचारा पुल न जाने कितने महीने से खड़ा था। क्या आप और मैं खड़े हो सकते हैं ? सच तो ये है कि हम ऐसा नहीं कर सकते। हमें कुछ ही घंटों में बैठना पड़ेगा। इस हिसाब से पुल बहुत खड़े हो लिए। बेचारा थोड़ा सुस्ताने को क्या बैठा नादान लोगों ने ने शोर ही मचा दिया पुल टूट गया..... पुल टूट गया ! जरा धूप आने दीजिये, सूख कर फिर खड़ा हो जायेगा। आपको वो दीवाली की काली टिकिया याद नहीं जिसमें आग लगने से वो सांप की तरह भड़भड़ा के भले टेढ़ी मेढ़ी सही खड़ी हो जाती थी।

 

      खबरदार जो ऐसे 'मिसकोट' किया तो। पुल टूटा नहीं है। पुल साबुत है बस बैठा हुआ है। जिसे यक़ीन नहीं जाकर देख आये न कोई क्रैक न कोई और टूट फूट। एकदम साबुत है समूचा पुल। बस बैठा हुआ है। आप बैठे हों या लेटे हुए हों तो क्या ये कहना उचित है कि आप टूट गये हैं। बिलकुल वैसे ही जैसे रुपया गिरा नहीं , बल्कि डॉलर ऊपर उठ गया है। कोई भी वस्तु चोरी नहीं होती है। जेब कतरे ने जेब नहीं काटी है बस उस संपति, उस पर्स का मालिक बदल जाता है। बदलाव प्रकृति का नियम है। इसे न मैं, न आप रोक सकते हैं। इसी तर्क से महंगाई बढ़ी नहीं है बल्कि आपके देखने का नज़रिया पुराना है। विश्वव्यापी सोच और दृष्टि रखिए फिर आपको कोई मंहगाई नहीं दिखेगी। हो सकता है उल्टा चीज़ें सस्ती दिखने लग जाएँ।

 

अब आप खुश हो सकते हैं कि आप मोटे नहीं है बाकी लोग पतले हैं। कुपोषण का शिकार हैं। आप तो स्वस्थ्य हैं। आप की गाड़ी चाहे कोई भी हो वो स्लो नहीं है बाकियों की स्पीड ज्यादा है। और अगर आपकी गाड़ी तेज़ है तो फिकर नोट बाकी लोग स्लो हैं। आपका बच्चा पढ़ाई में कमजोर कतई नहीं है। वो तो दूसरे बच्चे ब्रिलियेंट हैं। आपकी पत्नी किंचित भी कर्कषा नहीं, न कोई क्लेश, न कोई शाॅपिंग की झिकझिक। ये तो बस ये है कि आजकल बाकी लोगों की बीवियां स्वीट हैं।

 

                यह दिल को बहलाने को बहुत बढ़िया ख्याल है।

No comments:

Post a Comment