पहले ! बहुत पहले ! जब ना टी.वी. थे, ना यू ट्यूब था तब फूटी कौड़ी और साबुत कौड़ी चला करती थी। एक कौड़ी पूरे तीन
फूटी कौड़ी के बराबर होती थी। बोले तो दो कौड़ी का अर्थ है पूरी छह फूटी कौड़ी। यूं
कहने को एक फूटी कौड़ी भी चला ही करती थी। अब जबकि यू ट्यूबर्स पर दो कौड़ी का ठप्पा
लग चुका है तो ज़ाहिर है यू ट्यूबर्स की वेलुएशन बोलो, नेट
वर्थ बोलो छह फूटी कौड़ी की तो हो ही गयी।
नॉट बैड ! यूं कई यू- ट्यूबर्स की आमदनी
और फाॅलोअर्स टी.वी. चैनल से कहीं ज्यादा है और तो और उनकी विश्वसनीयता भी इन
चैनलों से कहीं अधिक है। लेकिन छह फूटी कौड़ी भी कम तो नहीं होती। ऐसे दौर में जब
लोग बाग कौड़ी-कौड़ी के हो गए हैं। तब आपका छह फूटी कौड़ी का होना आपके लिए गर्व की
बात है। जो काम आप 'ब्रैड' (रोटी) के
लिए कर रहे हैं वह काम लोग जब 'बटर' के
लिए करने लग जाएँ तो उसे अंग्रेज़ी में अच्छे नामों से नवाजने भी लगते हैं। विषय से
इतर है किंतु देखिये अब एस्कॉर्ट सर्विस, सेक्स वर्कर,
सोशलाइट, हाई सोसाइटी गर्ल कितने नाम मिल गए।
इस वक़्त में आपका छह कौड़ी का होना बड़े फख्र की बात है। भले छह फूटी कौड़ी सही। जब
इतिहास लिखा जाएगा तो आपका नाम 'निर्माण' करने वालों में लिया जाएगा। आपके जो फाॅलोअर्स हैं उनमें ना जाने कितने ही
आपसे सीख कर अपनी-अपनी रोजी-रोटी से लग गए। रोजगार पा गए। आपके लिए यह क्रेडिट की
बात है। बौद्ध धर्म में कहा जाता है 'अप्पो दीपो भव' अर्थात अपने दीपक स्वयं बनो। आप छह फूटी कौड़ी के यू ट्यूबर्स समाज को यही
संदेश दे रहे हैं। आप उन्हें प्रकाश की ओर ले जा रहे हैं। यह बात गांठ बांध
लीजिये। आप वो जुगनू हैं जो अंधेरे में मशाल बने हुए हैं। ‘लीड अस टू लाइट’ वो लीड रोल आप ही अदा कर रहे हैं। कहते हैं सही
वक़्त पर सही सलाह का ही दूसरा नाम सफलता है।
इस मार्ग पर लोग आपको हतोत्साहित करेंगे।
आपको पथच्युत/पथ भ्रष्ट करने की कोशिशें
भी करेंगे। क्या पता पत्थर भी मारने लगें। पर भला पत्थर मारने से भी कॉकरोच मरे
हैं कभी ?
यदि आपकी आलोचना हो रही है तो समझ लीजिये आप सही जा रहे हैं। ये
हुस्नो-इश्क़ तो धोखा है। आप अपना जॉब सेटिस्फेक्शन, मिड नाइट
ऑइल जला कर पाते हैं। सयाने कह गए हैं ईश्वर प्राप्ति के दो मार्ग हैं भक्ति मार्ग
और ज्ञान मार्ग। आप उसी ज्ञान मार्ग के पुरोधा हैं। समाज आपका ऋणी है।
लगे रहो यू ट्यूबर भाई !
No comments:
Post a Comment