Ravi ki duniya

Ravi ki duniya

Friday, June 20, 2025

व्यंग्य: सिंपल लोग-सिंपल पसंद

 


 

        


 

      पहले लोग बोलते थे तो मुझे यक़ीन नहीं होता था। किन्तु भाई साब कानपुर की बात ही कुछ और है। कनपुरिये यूं ही दुनियाँ में फेमस नहीं हैं। उनमें कोई तो बात है। लखनऊ वाले अपने लखनऊ की कितनी भी तारीफ कर लें या इलाहाबाद वाले इठलाते फिरें।  कानपुर कानपुर है। इसका कोई सानी नहीं। असली कनपुरिये दूर से पहचान में आ जाते हैं। वे सिंपल लोग होते हैं। लंबी-लंबी छोड़ते हैं, बोले तो एकदम इन्टरनेशनल। बस ऐसे समझ लो यहाँ हर आदमी अन्नू अवस्थी है और साथ साथ आर.जे. पूरब भी है।

 

 

वहीं के एक मोहल्ले में जब बर्थ-डे पार्टी थी तो मोहल्ले के सभी रहिवासियों को निमंत्रित किया गया। एक पति-पत्नी भी निमंत्रित थे। आजकल के ट्रेंड अनुसार थोड़ी देर बाद लोग बाग डांस करने लगे। पत्नी जी ने डांस किया। नो प्रॉब्लम ! फिर पति महोदय डांस करने लगे वह भी किसी अन्य अतिथि महिला के साथ। बस हँगामा बरपा हो गया। पत्नी जी नाराज़ हो गईं। नाराज़ हो गईं तो हो गईं वो आत्महत्या करने को उद्धत हो गईं और चल पड़ीं रेल से कटने। जैसे तैसे पत्नी को ले तो आए। मगर वह मान ही नहीं रही थी। पति ने मनाने के बहुतेरे जतन किए मगर पत्नी जी मान ही नहीं रही थी।

 

      अब या तो पति को पता था। या फिर पत्नी को कोई तो बहाना चाहिए मानने को। सो जैसे ही पति ने समोसा खिलाया पत्नी जी मान गईं। वो एक 'एड' था ना पान मसाले का 'ऊंचे लोग ऊंची पसंद'। यह केस देख कर मुझे लगा उसी तर्ज़ पर ये 'सिंपल लोग सिंपल पसंद'

 

                               


     मैं सोच रहा था पति महोदय अब जीवन भर डांस नहीं करेंगे। ना जाने पत्नी क्या प्रतिक्रिया दे। ना जाने कब वो मरने को चल दे। रेल टाइम पर आ गई तो ? वैसे क्या ही डांस रहा होगा जिससे पत्नी जी इतनी नाराज़ हो गईं। वैसे पत्नी जी चाहें तो डांस के कुछ नियम बना दें यथा:

 

1. आप केवल फलां फलां डांस ही कर सकते हैं। कत्थक नहीं, कथकली ओ.के., भरतनाट्यम ओ.के., ओडिसी नाॅट ओ.के.  मणिपुरी नाॅट ओ.के.।

2.  डांस मे पति दूसरी महिला से दूरी बनाए रखेगा। नो स्पर्श, नो चिपका-चिपकी।

3.  जहां तक हो सके पति जो है सो दूसरे पुरुष के साथ डांस करे।

4.  पति तुरंत से पहले लौंडा डांस सीख ले और आइन्दा से वही डांस करेगा। ज़ाहिर है लौंडा डांस लौंडों के साथ ही करना है।

5.  जब भी डांस की बात चले वह तुरंत कह दे कि उसकी टांग टूट गई है। अब वो डांस लायक नहीं रह गए। यदि ज़रूरत पड़े तो वह प्लास्टर का एक मोल्ड खरीद ले, जब भी पार्टी में जाना हो, प्लास्टर चढ़ा लो फिर कोई नहीं कहेगा आप डांस करो।

 

 

     देखिये महत्व इस बात का है कि आपके घर में सुख शांति रहे। पत्नी अगर तांडव करेगी तो आप कहाँ मुंह छुपाते फिरेंगे। अतः भुला दो आपको डांस आता है। आप चाहे अपने आपको कितना ही एल्विस प्रिसले समझें या शम्मी कपूर / मिथुन चक्रवर्ती समझें, एक नज़र अपनी बीवी पर डालें आपका डांस का शौक ठंडा पड़ जाएगा। यदि फिर भी डांस का मन करे तो पर्याप्त मात्रा में समोसे रख लें।

 

             सिंपल लोग-सिंपल पसंद

No comments:

Post a Comment