लो, जी कॉकरोच
से शुरू करके, चूहे, साँप, बिच्छू के बाद अब पेश है। 'वन मील एंड टू ब्यूटीफुल लिप्स' योजना। एक भद्र
महिला ने सफर करते हुए पाया कि ट्रेन का भोजन करने के बाद उसके होंठ सूज गए हैं।
उसने डॉ. से उपचार लिया और डॉ. की पर्ची तथा अपने सूजे होंठ के फोटू सोशल मीडिया
में डाल दिये। यह देख आई.आर. टी.सी. वाले आग-बबूला हो सूज गए। उन्होने तुरंत
डिस्क्लेमर जारी किया कि यह हमारे भोजन का असर नहीं है। कारण कि यदि होंठ हमारे
भोजन से सूजने होते तो केवल एक ही यात्री के क्यूँ सूजते, बाकी
यात्रियों के क्यूँ नहीं, दूसरे भद्र महिला ने शिकायत की थी
कि ट्रेन का यह भोजन करने के बाद उसके बच्चे को दस्त लग गए। इसका प्रतिकार भी
ऑथरिटी ने यह कह कर किया है कि और तो किसी बच्चे को दस्त नहीं लगे। लगे भी हों तो
हमारे पास ऐसी कोई कम्पलेंट नहीं।
अब बेचारी भद्र महिला बहुत परेशान है। जाये
तो जाये कहाँ? शिकायत करे तो किस से करे। उसके सूजे
होंठों के फोटो सोशल मीडिया में चल रहे हैं। इन दिनों अगर आप ब्यूटी पार्लर जाएँ
तो वहाँ 'लैन' लगी है ऐसी भद्र महिलाओं
की जो अपने होंठो को सुजाना चाहती हैं। उसे ब्यूटी पार्लर की डिक्शनरी मे 'बी स्टिंग लिप्स' कहते हैं बोले तो ऐसे होंठ जैसे
मधुमक्खी ने डंक मार दिया हो। कहते हैं ऐसे होंठ आजकल खूब प्रचलन (डिमांड) में हैं
और नवीन ब्यूटी स्पॉट माने जा रहे हैं।
अब इतना सब जानते बूझते हुए इस महिला को
शिकायत नहीं करनी थी। उसका ये ब्यूटी ट्रीटमेंट तो बैठे-बिठाए एक भोजन करने मात्र
से हो गया। उसे उल्टा धन्यवाद देना चाहिए और फाइव स्टार रेटिंग देनी थी। फीडबेक
फाॅर्म से अफसरों को पता लगेगा कि भोजन में क्या डाला जाये कि महिलाओं को यह
‘सर्विस’ ‘पार्लर ऑन व्हील’ मुहैया कराई जाये। शोध का विषय हो सकता है। अभी तक
भोजन के 'केसरोल' पर वैज तथा नॉन वैज लिखा होता था अब एस.एल.
( स्वाॅलन लिप्स) अथवा नॉन एस.एल. लिखा भी आया करेगा। आखिर सभी को तो सूजे होंठ
नहीं चाहिए होंगे। बहुत से दक़ियानूसी लोग अब भी 'बस पंखुड़ी
गुलाब की सी है' के
झमेले में ही पड़े हैं। मेरा अनुरोध है कि आई.आर.टी. सी. कदापि न घबराये। दुनिया
में बड़ी बड़ी खोजें इसी तरह हुईं हैं। ज्यादा हो तो इस वाली थाली का नाम इस भद्र
महिला के नाम पर रखा जा सकता है। आखिर आपका प्रयोग सफल रहा है। मुंबई में एक 'संजू बाबा चिकन' चला था पता चला कि अभिनेता संजय
दत्त ने देर रात चिकन चाहा तो रेस्टोरेन्ट वाले ने कुछ अल्ल-मल्ल मिला के ये चिकन
बना दिया था। तभी से इस अल्ल-मल्ल वाली चिकन डिश का नाम संजू बाबा चिकन पड़ गया।
भई ! हमारे देश में साधना कट बाल, मुमताज साड़ी, माधुरी दीक्षित धक-धक ड्रेस, अनारकली ड्रेस और राजेश
खन्ना कट कुर्ता चला ही है। आप देखना लाइन लग जानी है महिला यात्रियों की। जो इस
होंठ सुजाऊ भोजन के सेवन के लिए ही आपकी ट्रेन में यात्रा करेंगी। आपको अलग से कोच
लगाने पड़ेंगे। मेन्यू में कुछ और परिवर्तन कर आप लिख सकते हैं 'एंजिलिना जोली' भोजन, इसी तरह
से कुछ देसी अभिनेत्रियों को भी 'रोप-इन' कर लें उनके एड आने लगें। मेरे जैसे होंठ पाने के लिए यात्रा करें और भोजन
करें फलां ट्रेन में। फिर देखना कैसे ट्रेन 'फूल' जानी हैं। होंठ तो होंठ ट्रेन भी फूल (सूज) जानी हैं।
No comments:
Post a Comment