दीवाली पर अनेक तरह
के बम मार्किट में आते रहे हैं। एक से बढ़ कर एक। समर्थ लोग पूरी 'लड़ी' भी
जलाया करते थे। पतले बम, छोटे बम, बड़े बम, दरमियाने बम। मोटे बम। इन सबसे अलग और विशिष्ट होते थे
सुतली बम। बहुत जानदार और शानदार आवाज वाले। पलीते में आग लगाने वाले के थोड़ी देर
को तो कान ही सुन्न पड़ जाते थे। ये सब बम एक तरफ क्यों कि ये मौसमी बम होते, वही
दो-चार दिन के पटाखे। इधर 'पर्ची बम' निकल कर आया है जो पहले तो उन राज्यों में प्रकट होता है
जहां चुनाव आदि हुआ करते हैं। डेमोक्रेसी एक खर्चीली शासन प्रणाली है। अब
जैसे-तैसे चुनाव अगर डेमोक्रेटिक्ली करा लिए गए हैं तो सी.एम. पर्ची से चुने जाने
लगे। आप छोटी सी पर्ची पर न जाएँ इसके पीछे कितनी आर. एंड डी. जाती है आपको पता
नहीं।
.
अब लोग 'पोल' (चुनाव) से इतना नहीं डरते। क्यों कि जो है सो, टिकट
भी पर्ची से ही मिलने लगी है। पर्ची-खर्ची एक नया टर्म है जो आज के प्रजातन्त्र ने
हमें दिया है। प्रजातन्त्र नित नयी शब्दावली हमें देता है। बैलट था तो बूथ था, बूथ
था तो बूथ केप्चरिंग थी। अब ई.वी.एम. है बोले तो ई. से इलेक्शन वी. से वोटिंग और
एम. से मशीन। अब मशीन है तो मशीनें खराब होतीं हैं। मशीनें ऑटोमैटिक भी होती हैं।
सैल्फ-सफिशियंट टाइप। स्कूल-कॉलेज में हम लोग नकल के लिए चिट/फर्रे इस्तेमाल करते
थे। बहुधा पकड़े जाने पर चिट ज़ब्त हो जाती थी। गोया कि हिंदुस्तान में पर्ची का
वजूद बहुत पहले से रहा है। मुग़ल काल में इसी को 'रुक्का' कहा
जाता था। अब क्यों कि ज़्यादातर परीक्षाएँ लीक हो जाती हैं अतः चिट/फर्रे का चलन
मृतप्राय: हो गया है। जहां सफलतापूर्वक परीक्षा हो भी जाये तो वह क्यों कि ऑन-लाइन
होने लगी है अतः पर्ची चल नहीं पाती। ठीक है यहाँ नहीं चल पाती न चले और भी
क्षेत्र हैं जहां यह अभी भी खूब ही प्रासंगिक है। बल्कि चलन ही पर्ची का है। पर्ची
कभी आउट ऑफ फैशन नहीं होगी।
.
आपने पीछे देखा है
किस तरह सूबे के वज़ीर-ए-आला पर्ची से निकलने लगे हैं। पहले मतदान के बाद कहा जाता
था इनका भविष्य मतपेटी या ई. वी.एम. में क़ैद हो गया है। अब ऐसा नहीं है अब तो यूं
कहिए अगले का मुस्तकबिल पर्ची में क़ैद है। पर्ची खुलने पर ये बात खुलेगी कि आपकी किस्मत
खुली भी है या नहीं। ये पी.ए. लोग भी पर्ची भेजते हैं मगर उस पर्ची की शब्दावली
देखने लायक होती है “मुझे यह कहने का आदेश हुआ है कि.....कृपया इनके आवेदन पर
सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाये” इसका अर्थ ये होता है कि काम नहीं हुआ तो आप
अपनी छुट्टी समझें और आपके केस पर सहानुभूति पूर्वक विचार तो दूर कोई नामलेवा भी
नहीं होगा। एफ.आई.आर. को उर्दू में 'पर्चा' कहा
जाता है चुनांचे अगर आप पर्ची का यथोचित आदर-सम्मान नहीं करते हैं तो अपना पर्चा
कटाने को तैयार रहें। फिर भी तो पर्ची की शरण में ही आना पड़ेगा। अब समझे हुज़ूर !!
पर्ची की अहमियत।
उसने मुझे बताया मेरे नाम की है पर्ची
फिर कैसे निकाली उसने रक़ीब की पर्ची
मुझे भरोसा था अपनी
वफा पर
जाने कब आगई दरमियाँ में पर्ची
तिजारत से तंग हो,आई
सियासत में पर्ची
ऐ ! खुदा मत भेजना मेरी मुहब्बत में पर्ची
महबूब की इस अदा पर
निसार हर पर्ची
कसम खा हर बार कहती है --
'दिल
से मैं तुम्हारी हूँ भले निकले किसी के नाम की पर्ची
No comments:
Post a Comment