मेहुल
भाई !
जय
श्री कृष्णा! केम छो ?
भाई
! मैंने सुना आप इंडिया आ रहे हो। आखिर अपना देश अपना ही होता है। बाहर-गाँव में न
क़ायदे का फाफड़ा मिलता है न गाठिया। पापड़ को भी मानुष तरस जाये। आपकी तरफ से भारत
सरकार ने प्राॅमिस पठाया है कि आपको भारत के कारावास में कोई असुविधा नहीं होने
देंगे। आप बेफिकर होकर आयें भाई। आखिर श्री कृष्णा का तो जनम ही कारावास में हुआ
था। हम श्री कृष्णा के भक्तों को क्या कारावास क्या अपना आवास। आपके निर्देश
अनुसार भारत सरकार ने लिखित में दिया है। नहीं नहीं एफ़िडेविट पर नहीं। पर इसे आप
एफ़िडेविट से कम मत समझना।
1.
भीड़भाड़ से दूर बैरक न. 12 :
एकांतवास में मन में अच्छे-अच्छे विचार आते हैं। नयी नवेली योजनाओं की योजना बनती
है। कोलाहल में मन विचलित होता है। एकाग्रचित्त नहीं हो पाता अतः आपके लिए दुनिया
वालों से दूर जलने वालों से दूर बैरक न. 12 खाली करा दी गयी है। पेंट-पुताई का काम
चल रहा है। आपके आते आते टिच हो जाएगा। 12 का अँक शुभ होता है। घड़ी में 12 के बाद
कुछ नहीं। शून्य है। दर्जन का हिसाब हमारे दैनिक जीवन में भरा पड़ा है। जीवन में
रंग भरने हों तो 12, केले लेने जाओ तो 12 के
हिसाब से।
2.
20 X
15 फीट का कमरा: आपके कहे
अनुसार भाई ! 20 X
15 फीट का कमरा नक्की कर दिया है। दीवालों पर सूदिंग पेंट करा दिया
है। एक दीवाल हाइलाइट भी करा दी है। पेंटिंग्स, पोर्टरेट्स,
टी.वी. अखबार वाई-फाई युक्त है।
3.
तीन टाइम का भोजन:
आपकी इच्छनुसार आपके वास्ते तीन टाइम जीमने की फुल फुल व्यवस्था हो गयी है। बस
आपको तो मेन्यू भर बताना है।
4.
घर का खाना:
जैसा अपने चाहा था 'बेन' का
हाथ का खाना आपको तीनों टाइम उपलब्ध रहेगा। हमें पता है आपको बेन के हाथ का
शुद्ध खाना कितना पसंद है।
5.
कैरम:
आपने अपने मनोरंजन और स्किल शार्प करने को फुल साइज़ के कैरम का इंतज़ाम हो गया है।
बस ये मान कर चलो क्वीन आपका इंतजार कर रही है। भले कैरम की सही। बस आप जिसको
कहेंगे उसको आपका कैरम का पार्टनर बनवा दिया जाएगा। वहाँ उपस्थित कोई पार्टनर
माफिक पड़ता है तो ठीक। नहीं तो बाहर से बुलवा लिया जाएगा। वान्दा नहीं। आप टेंशन
मत लेना।
6.
शतरंज: इसी तरह आपके आदेश अनुसार शतरंज
का इंतज़ाम करा दिया गया है। ताकि आप अपना मनपसंद शह और मात का खेल, खेल सकें। भाई आप बादशाह हैं बाकी सब प्यादे। पार्टनर की कोई हरकत नहीं।
सब अरेंज हो जाएगा।
7.
24X7 सी.सी.टी.वी.: भाई ! आप तो खैर बने ही
टी. वी. के लिए ही हैं, आप देखना आप पर फिल्में
बनेंगी, सीरियल बनेंगे, देखते-देखते
क्या नेटफिलिक्स, क्या प्राइम सब आपसे अधिकार खरीदना
चाहेंगे। वो आप देख लेना। ये सी.सी.टी.वी. से आप की तरफ कोई टेढ़ी आँख से नहीं देख
पाएगा।
8.
बैडमिंटन:
भाई ! आपके वास्ते बैडमिंटन का कोर्ट चूना लगा कर नाप-तोल करके इन्टरनेशनल
स्टैंडर्ड का तैयार करा दिया गया है। वो भी 'डे एंड नाइट'
जब आपका दिल करे। बैस्ट कंपनी की 'शटल काॅक'
और रेकिट प्रचुर संख्या में रखवा दिये गए हैं। आपको कमी नहीं पड़ने
देंगे। इसमें भी आप जिसको कहेंगे पार्टनर बनवा देंगे। नहीं तो बाहर गाँव का
पार्टनर बुलवा लिया जाएगा। वो आप मुझ पर छोड़ दो।
9.
अटेच्ड वाशरूम:
आप देखोगे भाई ! तो आपकी तबियत खुश हो जाएगी। ये पूरा-पूरा फाइव स्टार का सुईट है।
बरोबर अटेच्ड वाशरूम, शाॅवर, जेट, ऑटोमेटिक
लाइट वाला कमोड, रिमोट चालित सीट फिट है, फर्स्ट क्लास टाइल्स हैं। हॉट एंड कोल्ड वाटर सर्विस, मिक्सर सभी है। साबुन, तेल, शैम्पू,
इत्र, एयर फ्रेशनर सब पर्याप्त मात्रा में
स्टॉक कर दिये हैं। बाकी जो आप कहोगे पलक झपकते आ जाएगा।
10.
वुडन बैड या स्टील बैड:
आपने दोनों बोल कर कनफ्यूज कर दिया। अतः दोनों बैड का इंतज़ाम कर दिया है। आपको
जौनसा कम्फ़र्टेबल लगे अथवा आप चाहें तो दोनों रखें। कोई टेंशन नहीं।
11.
24x7 मेडिकल सुविधा: आपके वास्ते एक डॉक्टर को
अंदर करवा दिया है ताकि जेल के अलावा एक डॉक्टर सेकंड ओपिनियन वास्ते भी रहना
चाहिए। अतः दर रोज़ आपका बी.पी., ई.सी.जी. पल्स मापने को
रहेंगे। दवा-दारू बैस्ट ब्रांड की मिलेगी।
12.
जे. जे. हॉस्पिटल:
भगवान न करे आपको ज़रूरत पड़े। मगर फिर भी इमरजेंसी के लिए जे.जे. हॉस्पिटल को ताकीद
कर दी गई है। भाई कभी भी आ सकते हैं उनके
वास्ते बैड, ऑक्सिजन ओ.टी. उनके ब्लड ग्रुप का रक्त
हमेशा तैयार मांगता है। डीन थर थर काँप रहा था। बोला वान्दा नहीं वो हॉस्पिटल में
ही शिफ्ट कर गया है। नहीं नहीं दाखिल नहीं हुआ साथ में अटेच्ड बंगले में रहने आ
गया है।
13.
ताज़ी हवा के लिए खुला आँगन: जैसा भाई
मैंने ऊपर कहा आपका कमरा कोई कोठरी नहीं है न ही ये खोली है ये तो सुईट है सुईट।
इसी में आपके कहे अनुसार खुली खुली हवा के लिए आँगन भी है। भाई आपका तो नाम ही
बादल है,
बरसात है अब बादल को भी कोई कमरे में रख पाया है। बादल की तो वृत्ति
ही खुले में रहने की है। सब व्यवस्था हो गएली है।
14.
लाइब्रेरी:
इन लोगों ने भाई क्या समझा है आपको। आपको भी तो फुल लाइब्रेरी लगेगी। अतः एक बढ़िया
लाइब्रेरी स्थापित करा दी गई है। इस बहाने से और लोगों को भी ये सुविधा हासिल हो
गयी है। सभी पत्र पत्रिकाएँ, नॉवल, कहानियाँ, अंग्रेज़ी, हिन्दी,
गुजरीती, फ्रेंच जो आप चाहो उस भाषा में
रहेंगी।
15.
सीलिंग फेन और लाइट:
जैसा आपने कहा वैसा इंतज़ाम हो गया है बढ़िया शेंडेलियर वाली लाइट, रिमोट वाले चार पंखे फिट करा दिये गए हैं। बेड साइड लैंप,
मद्धम लाइट सब है भाई।
16.
रुई का गद्दा तकिया चादर और
कंबल: सब बेस्ट ब्रांड के लगवा दिये गए हैं।
पर्याप्त संख्या में हैं। आप दर रोज़ बदल बदल कर वापरिए, वान्दा नहीं।
17.
योगा और मेडिटेशन:
इंतज़ाम हो गया है। आप शांति से इत्मिनान से जब दिल करे योगा करिए, जब दिल करे मेडिटेशन करें। कोई डिस्टर्ब नहीं करेगा। योगा मैट, नेति के लिए लोटा, धौतरी का सामान सब है। सॉफ्ट
म्यूजिक भी लगवा दिया है। मेडिटेशन के टाइम अच्छा लगता है बैक ग्राउंड में कम
वॉल्यूम पर म्यूजिक बजता हुआ।
तो
भाई ये है आपकी स्वीट सेवेन्टीन आइटम की लिस्ट। कुछ और दरकार हो तो सेवक को
निस्संकोच बताना। मैं टच में रहूँगा। मेरे रहते आप टेंशन मत लेना। बाहर मार्किट
में कोई चीज हो सकता है मुश्किल से मिले मगर आपको बैरक 12 में सब मिलेगा। भरोसा
रखिये। आवु जू!
No comments:
Post a Comment